जमशेदपुर। नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय ने प्लेसमेंट सत्र 2026 में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित विभिन्न कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव्स के माध्यम से अब तक 500 से अधिक छात्रों को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार प्राप्त हुआ है। हाल ही में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव्स में 70 से अधिक छात्रों का चयन हुआ है, जबकि कई विद्यार्थियों की चयन प्रक्रिया अभी भी जारी है।

विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के निदेशक मोहित कुमार ने बताया कि टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, फाइनेंस, मार्केटिंग, डेटा मैनेजमेंट और बिजनेस डेवलपमेंट जैसे विभिन्न क्षेत्रों की नामी कंपनियों ने विश्वविद्यालय के कैंपस प्लेसमेंट अभियान में भाग लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान लिखित परीक्षा, तकनीकी साक्षात्कार, समूह चर्चा और एचआर इंटरव्यू जैसे विभिन्न चरणों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रोजगार के अवसर हासिल किए।

प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने विश्वविद्यालय के छात्रों को आकर्षक पैकेज पर नियुक्त किया। Dalmia Cement ने एमबीए विभाग के दो छात्रों का चयन मार्केटिंग मैनेजर पद के लिए किया, जिनका वार्षिक पैकेज 6 लाख रुपये निर्धारित किया गया। वहीं Force Motors ने डिप्लोमा इंजीनियरिंग ट्रेनी पद के लिए 18 छात्रों का चयन किया, जिनका वार्षिक पैकेज 4 लाख रुपये है। इसी तरह EY India ने फाइनेंशियल ट्रेनी इंजीनियर पद पर 10 छात्रों का चयन किया, जबकि Deloitte India ने एसोसिएट एनालिस्ट पद के लिए छात्रों को अवसर प्रदान किया। Tata Consultancy Services (TCS) ने सॉफ्टवेयर डेवलपर पद पर 10 छात्रों का चयन किया, वहीं Airtel ने टेलीकॉम इंजीनियर पद के लिए छात्रों को नियुक्त किया।

मोहित कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय लगातार छात्रों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए कार्य कर रहा है। नियमित रूप से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं और इंडस्ट्री इंटरैक्शन छात्रों को रोजगार के लिए बेहतर ढंग से तैयार कर रहे हैं, जिसका परिणाम प्लेसमेंट के बढ़ते आंकड़ों के रूप में सामने आ रहा है।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों के समर्पण और छात्रों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय के छात्र भविष्य में देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कुलपति प्रभात कुमार पानी ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि कौशल विकास भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विश्वविद्यालय द्वारा इंडस्ट्री-ओरिएंटेड ट्रेनिंग, वर्कशॉप और प्लेसमेंट गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की यह उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।

रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह ने चयनित छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन रोजगारोन्मुख शिक्षा और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में और भी बड़ी कंपनियों के साथ प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लगातार बढ़ती प्लेसमेंट संख्या और प्रतिष्ठित कंपनियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय रोजगार और कौशल आधारित शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है। प्लेसमेंट सत्र 2026 में 500 से अधिक छात्रों को रोजगार मिलना विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।