Movie Magic: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एक ऐसी फिल्म की चर्चा हो रही है, जिसके बारे में शायद रिलीज के समय किसी ने भी नहीं सोचा होगा कि यह इतनी बड़ी कमाई कर पाएगी। फिल्म का नाम है ‘हनुमान अंश’। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। खास बात यह है कि फिल्म को शुरुआत में दर्शक नहीं मिल रहे थे, लेकिन धीरे-धीरे लोगों के बीच इसकी चर्चा बढ़ती गई और फिर कमाई ने रफ्तार पकड़ ली।

फिल्म की कहानी आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से जुड़ी हुई है। फिल्म में एक ऐसे युवक की कहानी दिखाई गई है, जो अपनी मां को खोने के बाद जिंदगी और भगवान से जुड़े सवालों के जवाब तलाशने निकल पड़ता है। उत्तर भारत की यात्रा के दौरान उसका जीवन धीरे-धीरे एक आध्यात्मिक रास्ते पर आगे बढ़ता है।

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि इसे देखने वाले लोगों ने इसे दूसरों को भी देखने की सलाह दी। इसी वजह से शुरुआत में धीमी चल रही फिल्म की कमाई तीसरे सप्ताह के बाद अचानक बढ़ने लगी।

पहले दिन सिर्फ 10 लाख रुपये की कमाई

‘हनुमान अंश’ जब सिनेमाघरों में रिलीज हुई तो इसका प्रदर्शन देखकर शायद मेकर्स भी परेशान हो गए होंगे। फिल्म ने पहले दिन सिर्फ 10 लाख रुपये का कारोबार किया। पहले सप्ताह में भी फिल्म की कमाई करीब 1.08 करोड़ रुपये ही रही।

दूसरे सप्ताह में तो हालात और भी धीमे रहे। दूसरे सप्ताह में फिल्म ने करीब 40 लाख रुपये कमाए। यानी रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म को लेकर कोई बड़ी हलचल दिखाई नहीं दे रही थी। लेकिन इसके बाद कहानी पूरी तरह बदल गई।

तीसरे सप्ताह से बदली किस्मत

तीसरे सप्ताह में फिल्म को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने लगी। लोग फिल्म देखने के बाद इसके बारे में अपने दोस्तों और परिवार के लोगों को बताने लगे। इसका सीधा असर टिकट खिड़की पर दिखाई दिया। तीसरे सप्ताह में फिल्म की कमाई करीब 10.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसके बाद चौथे सप्ताह में फिल्म ने ऐसी छलांग लगाई, जिसे देखकर ट्रेड जानकार भी हैरान रह गए।

चौथे सप्ताह में फिल्म ने करीब 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके बाद पांचवां सप्ताह तो फिल्म के लिए ऐतिहासिक बन गया। पांचवें सप्ताह में ‘हनुमान अंश’ ने करीब 90.25 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली। यानी जिस फिल्म की शुरुआत सिर्फ लाखों रुपये से हुई थी, वही फिल्म कुछ ही हफ्तों में करोड़ों की बारिश करने लगी।

छठे सप्ताह में भी नहीं थमी रफ्तार

आमतौर पर किसी फिल्म की कमाई तीसरे या चौथे सप्ताह के बाद काफी कम हो जाती है। लेकिन ‘हनुमान अंश’ के मामले में उल्टा देखने को मिला। फिल्म छठे सप्ताह में पहुंचने के बाद भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही है। छठे सप्ताह के शुक्रवार को फिल्म ने करीब 10.50 करोड़ रुपये नेट कमाए। यह आंकड़ा इसलिए भी खास है क्योंकि पांचवें शुक्रवार को फिल्म ने करीब 10 करोड़ रुपये कमाए थे। यानी छठे सप्ताह में भी फिल्म की पकड़ मजबूत बनी हुई है।

एक समय ऐसा भी आया जब ‘हनुमान अंश’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर नंबर एक फिल्म बन गई। शुक्रवार को इसने नई रिलीज ‘मिर्जापुर: द मूवी’ से भी ज्यादा कमाई की। रिपोर्ट के मुताबिक उस दिन ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने करीब 9.50 करोड़ रुपये कमाए, जबकि ‘हनुमान अंश’ की कमाई 10.50 करोड़ रुपये रही। वहीं अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ की शुरुआत करीब 3 करोड़ रुपये से हुई। इस तरह ‘हनुमान अंश’ ने नई रिलीज फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया।

2 करोड़ की फिल्म ने कमाए 200 करोड़ से ज्यादा

अब आते हैं इस फिल्म की सबसे बड़ी कहानी पर। ‘हनुमान अंश’ को करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। इस हिसाब से फिल्म ने अपनी लागत से कई गुना ज्यादा पैसा कमा लिया है। उपलब्ध ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 190 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 227 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया गया है। वर्ल्डवाइड कमाई भी 236 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच चुकी है।

इस कमाई के साथ ‘हनुमान अंश’ उन फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई है, जिन्होंने 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है। खास बात यह है कि इस क्लब में शामिल होने वाली फिल्मों के मुकाबले इसका बजट बेहद छोटा है। कहा जा रहा है कि सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म की कमाई उसके बजट की करीब 100 गुना से भी ज्यादा हो चुकी है। यही वजह है कि इसे बॉलीवुड की सबसे बड़ी ‘सरप्राइज हिट’ में गिना जा रहा है।

फिल्म की कहानी क्या है?

‘हनुमान अंश’ की कहानी लक्ष्मीनारायण नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है। मां की मौत के बाद वह काफी टूट जाता है। उसके मन में जिंदगी, मौत, भगवान और इंसानी दुख को लेकर कई सवाल पैदा होते हैं। इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए वह आध्यात्मिक यात्रा पर निकलता है। उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों से गुजरते हुए उसका सामना कई तरह के लोगों और अनुभवों से होता है। धीरे-धीरे उसकी सोच बदलती जाती है और वह आध्यात्मिक रास्ते पर आगे बढ़ता है।

कहानी आगे चलकर उसे उस मुकाम तक ले जाती है, जहां नीम करोली बाबा के रूप में पहचाने जाने वाले संत के जीवन और विचारों से जुड़ता है। फिल्म में शोभिनाव सतैया मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल जैसे कलाकार नजर आते हैं।

आगे भी बढ़ेगा ‘हनुमान अंश’ का संसार

फिल्म की सफलता के बाद इसके मेकर्स ने आगे की तैयारी भी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ‘हनुमान अंश’ को सिर्फ एक फिल्म के तौर पर नहीं बनाया गया था, बल्कि इसे एक ट्रिलॉजी यानी तीन फिल्मों की सीरीज के रूप में सोचा गया है। इसके अलावा फिल्म की कहानी और इसके किरदारों को आगे गेम्स और कॉमिक्स के जरिए भी लोगों तक पहुंचाने की योजना बताई गई है।

फिलहाल सबसे दिलचस्प बात यही है कि जिस फिल्म ने 10 लाख रुपये की मामूली शुरुआत की थी, उसने कुछ ही हफ्तों में बॉक्स ऑफिस का पूरा खेल बदल दिया। बिना किसी बड़े स्टार के, छोटे बजट में बनी इस फिल्म ने पहले दर्शकों का भरोसा जीता और फिर कमाई के मामले में बड़ी-बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया।

‘हनुमान अंश’ की कहानी यही बताती है कि हर फिल्म की शुरुआत बड़ी हो, यह जरूरी नहीं। कभी-कभी एक छोटी फिल्म भी धीरे-धीरे लोगों के दिल में जगह बना लेती है और फिर उसकी कमाई का सिलसिला रुकने का नाम नहीं लेता।