जमशेदपुर, 12 जून। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांच कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जन शिकायत निवारण दिवस में विद्युत आपूर्ति से जुड़े हाई टेंशन तार की शिफ्टिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति, स्कूल फीस माफी, आवास पर अवैध कब्जा एवं धमकी, रोजगार, पेट्रोल पंप के लिए एनओसी, भूमि विवाद, दुकान आवंटन सहित जनसुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

इसके अलावा पीएम किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े लंबित मामलों, बच्चे के नेत्र उपचार के लिए सहायता तथा सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कई आवेदन भी उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए गए।

इस दौरान एक दिव्यांगजन को त्वरित सहायता प्रदान करते हुए ई-ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। वहीं कई अन्य मामलों का भी मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे आवेदकों को तत्काल राहत मिली।

उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ शिकायतों का निपटारा करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे, जिनकी शिकायतों को सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।