नई दिल्ली। राज्यसभा सचिवालय में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 से 28 सितंबर 2026 तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े की शुरुआत सोमवार, 14 सितंबर को विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ हुई।
हिंदी पखवाड़े के पहले दिन हिंदी निबंध एवं सामान्य हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता तथा हिंदी अनुवाद एवं सामान्य हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। इनमें राज्यसभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि और जुड़ाव का परिचय दिया।
कई प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
हिंदी पखवाड़े के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कई अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इनमें कम्प्यूटर पर हिंदी टंकण प्रतियोगिता, सुलेख एवं शुद्ध लेखन प्रतियोगिता, हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता और हिंदी काव्य प्रतियोगिता प्रमुख हैं।

इन आयोजनों का उद्देश्य कर्मचारियों को हिंदी भाषा के विभिन्न आयामों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है। साथ ही, इनके जरिए राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि और सम्मान को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यालयी कामकाज में हिंदी के प्रयोग पर जोर
इस अवसर पर संयुक्त सचिव (संपादन एवं अनुवाद) महेन्द्र सिंह ने सचिवालय के कार्यालयी कामकाज में हिंदी के प्रयोग में हो रही लगातार वृद्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिंदी पखवाड़ा केवल प्रतियोगिताओं के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक इस्तेमाल के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पखवाड़े के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से हिंदी के प्रति लगाव और राजभाषा के प्रति सम्मान को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलता है।
28 सितंबर को होगा समापन
राज्यसभा सचिवालय का राजभाषा अनुभाग प्रत्येक वर्ष हिंदी पखवाड़े का आयोजन करता है। इसका प्रमुख उद्देश्य सचिवालय में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना, अधिकारियों-कर्मचारियों में हिंदी के प्रति अभिरुचि विकसित करना और उन्हें हिंदी में कार्यालयी कार्य करने के लिए प्रेरित करना है।
हिंदी पखवाड़े का समापन 28 सितंबर 2026 को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। इसी अवसर पर राज्यसभा सचिवालय की वार्षिक गृह पत्रिका ‘नूतन प्रतिबिंब’ के 21वें अंक का भी लोकार्पण किया जाएगा।




















