जमशेदपुर। विश्व हृदय दिवस 2026 के अवसर पर नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय (NSU) के नर्सिंग विभाग की ओर से हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘डोन्ट मिस ए बीट’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और आपात स्थिति में तत्काल सहायता के महत्व को अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से समझाया।
कार्यक्रम में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, आदित्यपुर के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. ए. ए. खान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित खान-पान, नियमित व्यायाम, तनाव पर नियंत्रण और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच जरूरी है। उन्होंने हृदय रोग के जोखिम को कम करने के लिए समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने पर भी जोर दिया।
CPR स्किट के जरिए समझाई आपातकालीन प्रक्रिया
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग विद्यार्थियों ने CPR पर आधारित स्किट प्रस्तुत की। इसमें कार्डियक इमरजेंसी के दौरान शुरुआती क्षणों में सही प्रतिक्रिया देने और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के महत्व को प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने बताया कि आपात स्थिति में समय पर उठाया गया कदम बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।

पोस्टर प्रतियोगिता में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मकता
विश्व हृदय दिवस के मौके पर पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता भी हुई। विद्यार्थियों ने हृदय रोगों की रोकथाम, बेहतर खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर जागरूकता संदेशों को पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन पोस्टरों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा ‘How to Keep Your Heart Healthy’ विषय पर पावरपॉइंट आधारित इंटरैक्टिव गेम्स और गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों को स्वस्थ हृदय के लिए जरूरी आदतों की जानकारी मनोरंजक और सहभागी तरीके से दी गई।
मरीजों को भी दी गई हृदय स्वास्थ्य की जानकारी
कार्यक्रम का दायरा विश्वविद्यालय परिसर तक सीमित नहीं रहा। नर्सिंग विद्यार्थियों ने NSMCH के ओपीडी में पहुंचे मरीजों को हृदय स्वास्थ्य से जुड़ी बुनियादी जानकारी दी। उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, जोखिम कम करने और नियमित स्वास्थ्य निगरानी के महत्व के बारे में बताया गया।
विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों के लिए बेसिक हेल्थ स्क्रीनिंग भी की गई। इसमें ब्लड प्रेशर, पल्स रेट, SpO₂ और रैंडम ब्लड शुगर की जांच शामिल रही।
विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन नर्सिंग विभाग के सहायक प्राध्यापक गौतम और ऋतूश्री ने किया। इस दौरान कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि, रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोजिब अशरफ, अकादमिक सलाहकार प्रो. दिलीप शोम, डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. राकेश कुमार और डीन एकेडमिक अभिनव कुमार समेत विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य को मानव जीवन का आधार बताते हुए हृदय के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के दौर में लोगों के लिए अपने स्वास्थ्य और विशेष रूप से हृदय के प्रति जागरूक रहना जरूरी है।
कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों ने हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाने के साथ यह संदेश दिया कि स्वस्थ हृदय के लिए सही जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।
🚨 क्राइम

Bengaluru में खाली प्लॉट से मिली 28 वर्षीय महिला की सड़ी-गली लाश कपड़े के टैग से खुला हत्या का राज पति गिरफ्तार



















