जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को Sonari और कदमा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का व्यापक दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याओं का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्हें कई स्थानों पर गंदगी, पेयजल संकट, जर्जर आधारभूत सुविधाओं और निर्माण कार्यों में अनियमितता की शिकायतें मिलीं।
जॉगर्स पार्क में हुआ भव्य स्वागत
अपने भ्रमण की शुरुआत विधायक सरयू राय ने सोनारी स्थित जॉगर्स पार्क से की। यहां मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर उनसे चर्चा की।
मॉर्निंग वॉकर्स ने कहा कि सरयू राय लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और समाधान के लिए प्रयास करते हैं। विधायक ने भी सभी का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का भरोसा दिलाया।

निर्मल बस्ती में गंदगी से परेशान लोग
जॉगर्स पार्क से निकलकर विधायक सरयू राय सोनारी की निर्मल बस्ती पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उन्हें कई दिनों से जमा कूड़े का बड़ा ढेर दिखाया। लोगों ने शिकायत की कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण पूरे इलाके में गंदगी फैल रही है और दुर्गंध के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से इस समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
जाहिरा बस्ती में पेवर्स ब्लॉक निर्माण पर उठे सवाल
इसके बाद विधायक जाहिरा बस्ती पहुंचे, जहां सड़क पर बिछाए जा रहे पेवर्स ब्लॉक के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि पेवर्स ब्लॉक सही तकनीक से नहीं बिछाए जा रहे हैं। उन पर चलते ही ब्लॉक हिलने लगते हैं और ऊपर-नीचे हो जाते हैं।
लोगों का आरोप था कि निर्माण कार्य में पर्याप्त बालू का उपयोग नहीं किया गया है, जिसके कारण सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और संबंधित एजेंसी से जांच कराने की बात कही।
पंचवटी नगर में पानी और अधूरे निर्माण की समस्या
भ्रमण के दौरान सरयू राय पंचवटी नगर भी पहुंचे। यहां लोगों ने बताया कि नाली निर्माण के लिए सड़क खोदकर छोड़ दी गई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही लोगों ने शिकायत की कि टीाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व जुस्को) कई इलाकों में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं कर रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या और गंभीर हो गई है। विधायक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
इसी दौरान बलराम भट्ठा क्षेत्र की कई महिलाएं भी वहां पहुंचीं और अपने मोहल्ले की विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। उन्होंने पेयजल, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी।
कदमा शास्त्री नगर में गंदे पानी और छठ घाट की समस्या
पंचवटी नगर के बाद विधायक सरयू राय कदमा के शास्त्री नगर पहुंचे। यहां संतोषी माता मंदिर क्षेत्र और आसपास के बस्तीवासियों ने बताया कि चापाकल से गंदा पानी निकल रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
लोगों ने यह भी शिकायत की कि क्षेत्र के छठ घाट का निर्माण सही तरीके से नहीं किया गया है। घाट की सीढ़ियों के बीच अत्यधिक दूरी होने के कारण श्रद्धालुओं को चढ़ने-उतरने में कठिनाई होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
विधायक ने संबंधित विभाग से इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
उपायुक्त से बैठक बुलाने की मांग
भ्रमण के दौरान सरयू राय ने स्थानीय लोगों को जानकारी दी कि उन्होंने एक दिन पहले उपायुक्त से मुलाकात कर बस्तियों में पानी और बिजली कनेक्शन देने में हो रही अनियमितताओं का मुद्दा उठाया है।
उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि टाटा स्टील यूआईएसएल (जुस्को) और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाकर बस्तियों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। विधायक ने बताया कि उपायुक्त ने जल्द बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया है।
जनता के बीच रहकर समस्याओं का समाधान करने की कोशिश
सरयू राय ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक समस्या को संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा और समाधान होने तक प्रयास जारी रहेगा।
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं की जानकारी खुलकर दें ताकि उनका त्वरित समाधान कराया जा सके।
भ्रमण में कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस दौरान विधायक सरयू राय के साथ जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, उत्तम कुमार, बाबू सिंह, नरेश बागती, प्रदीप सिंह, अजीत सिंह, भीम सिंह, मनोज सिंह, तारक मुखर्जी, केपी सिंह, संदीप सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
🚨 क्राइम
🌿 झारखंड
🏛️ बिहार
🎬 मनोरंजन
🌍 विश्व

ISRO में खलबली गगनयान और चंद्रयान-3 से जुड़े 100 से ज्यादा वैज्ञानिकों ने छोड़ी नौकरी सरकार ने बदले नियम



















