घाटशिला। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के चापड़ी गांव में 28 वर्षीय दिव्यांग महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पीड़िता की पहचान कानूनी प्रावधानों के तहत गोपनीय रखी गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 29 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे की है। आरोप है कि पीड़िता शौच के लिए गांव के मैदान की ओर गई थी। इसी दौरान गांव के ही कुश गोराई (27 वर्ष) ने कथित तौर पर उसे अकेला पाकर झाड़ियों से निकलकर उसका मुंह दबाया और जमीन पर गिराकर जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, पीड़िता के विरोध करने और शोर मचाने पर परिजन मौके की ओर पहुंचे। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। आरोप है कि भागते समय उसने पुलिस में शिकायत करने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी की मां पीड़िता के घर पहुंची और वहां पीड़िता एवं उसके परिजनों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।
1 अक्टूबर को दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर घाटशिला थाना कांड संख्या 58/2026, दिनांक 1 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कुश गोराई, पिता अरुण गोराई, निवासी चापड़ी गांव को गिरफ्तार कर लिया।
मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर प्रेम कुमार निषाद को दी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।
छापामारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में घाटशिला थाना के सह थाना प्रभारी भूषण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रेम कुमार निषाद, पुलिस अवर निरीक्षक उमेश कुमार तथा घाटशिला थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई जारी रखी जाएगी।




















