जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमर ज्योति हाई स्कूल में थाना प्रभारी चंदन कुमार एवं आजादनगर थाना की टीम के द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत साइबर क्राइम (Cyber ​​Crime) जागरूकता एवं नशा विरोधी अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों के साथ-साथ नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना रहा।

अभियान के दौरान थाना प्रभारी चंदन कुमार एवं आजादनगर थाना की टीम ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने के खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम/डेबिट कार्ड से जुड़ी जानकारी अथवा निजी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में भी जागरूक किया। थाना प्रभारी चंदन कुमार ने विद्यार्थियों से नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने दोस्तों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की।

इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी। साथ ही ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पुलिस और आम लोगों, विशेषकर युवाओं के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम करना भी रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर अपराध तथा नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।