जमशेदपुर, 25 सितंबर 2026। जुगसलाई थाना पुलिस ने दुकान में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का सामान, नकदी और घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, जुगसलाई थाना कांड संख्या 78/2026, दिनांक 21 सितंबर 2026, धारा 334(1)/303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता सुमित मल्लिक, निवासी घोड़ा चौक, स्टेशन रोड, जुगसलाई ने बताया था कि 20-21 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का ग्रिल और शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
मामले की जांच के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व और जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खान सहित पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 सितंबर को कपाली ओपी क्षेत्र से नूर मोहम्मद, दानिश हुसैन, शेख गनी इमाम उर्फ लककी और शहनवाज खान को गिरफ्तार किया।


चोरी का सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दुकान से चोरी किया गया एक पीठू बैग, दो लैपटॉप, 19 हजार रुपये नकद और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी और हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में नूर मोहम्मद (लगभग 31 वर्ष) का उत्तर प्रदेश के बिजनौर और आसपास के जिलों में कई मामलों का आपराधिक इतिहास सामने आया है। वहीं अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जुगसलाई, आजादनगर और मानगो थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने चारों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।




















