जमशेदपुर: झारखंड सरकार द्वारा राज्य में पुलिस आधुनिकीकरण, प्रभावी पुलिसिंग और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्षम बनाने के लिए आधुनिक संसाधनों एवं आवश्यक वाहनों से लैस किया जा रहा है।

इसी क्रम के तहत आज दिनांक 01.09.2026 को पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर स्थित पुलिस केन्द्र, गोलमुरी के परेड ग्राउंड में 40 नए पेट्रोलिंग वाहनों का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

इस कार्यक्रम के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), पूर्वी सिंहभूम एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इन सभी 40 नए पेट्रोलिंग वाहनों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रभावी गश्ती एवं पुलिसिंग कार्य हेतु रवाना किया।

नए वाहनों के मिलने से अब शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस गश्त और अधिक तेज होगी, जिससे अपराधियों पर लगाम कसने और आम जनता को त्वरित सुरक्षा सहायता मिलने में मदद मिलेगी।