जमशेदपुर/बोड़ाम। बोड़ाम प्रखंड के मिर्जाडीह स्थित मध्य विद्यालय में बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिक्षा सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से किया गया, जबकि इसमें एसटीपी (बर्जर ग्रुप ऑफ कंपनीज) की सहभागिता रही।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद विद्यालय के करीब 250 विद्यार्थियों के बीच स्कूल बैग, कॉपी, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल, पेंसिल बॉक्स, कलर बॉक्स, रबर, शार्पनर, ज्योमेट्री बॉक्स, स्केल समेत अन्य उपयोगी शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। सामग्री मिलने के बाद बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में एसटीपी (बर्जर ग्रुप ऑफ कंपनीज) के एचआर हेड प्रणब भूटे, उत्तम कुमार दत्ता तथा ऑप्टिस्टोन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक शुभंकर चक्रवर्ती मौजूद रहे। इनके अलावा अनिमेष, रोबिन, सिला, माधुरी, दूलहन सहित संस्था से जुड़े अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

अतिथियों ने बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है।
कार्यक्रम का संचालन संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष मुनमुन चक्रवर्ती ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना केवल सहायता नहीं, बल्कि उनके बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। संस्था की ओर से भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई।




















