जमशेदपुर : मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने ओलिडीह ओपी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 26 पुड़िया में कुल 5.80 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को पुलिस उपाधीक्षक, पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में ओलिडीह ओपी अंतर्गत मुर्दा मैदान में मादक पदार्थों के खिलाफ छापामारी की गई। इसी दौरान पुलिस ने अजहर महमूद, पिता स्वर्गीय महमूद कुरैशी, निवासी रोड नंबर 02, न्यू पुरुलिया रोड, मानगो, पूर्वी सिंहभूम को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 26 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 5.80 ग्राम बताया गया है।

पुलिस ने मामले में NDPS Act के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां खपाने की तैयारी थी।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
छापामारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार, ओलिडीह ओपी प्रभारी मोहम्मद शारिक अली, पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार, रविंद्र पांडेय, सैमुल मार्क किस्कू तथा ओलिडीह ओपी के सशस्त्र बल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




















