चक्रधरपुर, 10 सितंबर 2026: पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दलकी-02 गांव में 65 वर्षीय महिला को डायन बताकर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर पीड़िता ने अपने फर्दबयान में आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने उसे डायन बताते हुए उसके साथ मारपीट की। इसके आधार पर चक्रधरपुर थाना में कांड संख्या 98/2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसपी सह एसडीपीओ चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के निर्देशन में थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने दलकी-02 गांव में छापेमारी कर चारों नामजद आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि सीमा मुण्डारी उर्फ चिकनी मुण्डारी की तबीयत खराब होने के बाद उन्होंने पीड़िता पर डायन और जादू-टोना करने का आरोप लगाया और इसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट की।
गिरफ्तार आरोपियों में सीमा मुण्डारी उर्फ चिकनी मुण्डारी, नन्दलाल मुण्डारी उर्फ नीलु मुण्डारी, बाया मुण्डारी उर्फ लुदु मुण्डारी और राजु मुण्डारी उर्फ मोटु मुण्डारी शामिल हैं। सभी दलकी-02 गांव के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम, 2001 के तहत कार्रवाई की है। मामले की आगे की जांच जारी है।




















