जमशेदपुर। पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की मासिक बैठक शनिवार को रेड क्रॉस भवन, साकची में संपन्न हुई। बैठक में पिछले दिनों संगठन द्वारा आयोजित गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई। सदस्यों ने संगठन में रह गई कमियों को भविष्य में दूर करने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में आगामी 8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही सभी सदस्यों से नियमित मासिक सहयोग राशि जमा करने तथा संगठन की गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में बैठकों में शामिल होने का आग्रह किया गया।
बैठक में पूर्व सैनिकों के रोजगार एवं पुनर्वास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। परिषद के सदस्यों ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व सैनिक अपने परिवार के साथ जमशेदपुर में सम्मानजनक जीवन बिताना चाहते हैं, जिसके लिए सम्मानजनक रोजगार का अवसर अत्यंत आवश्यक है। लेकिन शहर की निजी सुरक्षा एजेंसियों एवं टाटा स्टील की सुरक्षा व्यवस्था में लागत कम करने के उद्देश्य से पूर्व सैनिकों की जगह कम वेतन पर सिविल कर्मियों की नियुक्ति किए जाने की प्रवृत्ति चिंता का विषय है।

सदस्यों ने कहा कि पूर्व सैनिक कठिन सैन्य सेवा के बाद अनुशासन, जिम्मेदारी, समर्पण और सुरक्षा के क्षेत्र में लंबे अनुभव के साथ सेवानिवृत्त होते हैं। ऐसे में उनकी जगह केवल लागत कम करने के उद्देश्य से सिविल कर्मियों की नियुक्ति से पूर्व सैनिकों के पुनर्वास के अवसर सीमित हो रहे हैं। इसका परिणाम यह है कि कई प्रतिभावान पूर्व सैनिक रोजगार की तलाश में शहर से बाहर जाने को मजबूर हो रहे हैं।
परिषद ने जनप्रतिनिधियों तथा निजी सुरक्षा एजेंसियों के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता किए बिना पूर्व सैनिकों को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं। पूर्व सैनिकों का अनुशासन, समर्पण और सुरक्षा का अनुभव किसी भी संस्था के लिए महत्वपूर्ण योगदान साबित हो सकता है।
बैठक में पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जमशेदपुर जैसे बड़े शहर में वर्तमान में ब्रह्मानंद एवं ए एस जी आई हॉस्पिटल के अलावा पूर्व सैनिकों के लिए इम्पैनल में अन्य प्रमुख अस्पतालों की सुविधा सीमित है। टाटा मुख्य अस्पताल पूर्व में इम्पैनल में शामिल था, लेकिन तकनीकी कारणों से इसका नवीनीकरण नहीं हो सका। सदस्यों ने इस विषय पर पुनर्विचार करते हुए टाटा मुख्य अस्पताल को पूर्व सैनिकों के लिए पुनः इम्पैनल में शामिल करने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि टाटा घराना हमेशा राष्ट्रहित और समाजहित को प्राथमिकता देता रहा है, इसलिए पूर्व सैनिकों के हित में भी सकारात्मक पहल की अपेक्षा है।
बैठक का संचालन जिला सचिव सुशील कुमार सिंह ने किया। अध्यक्षता राजीव रंजन ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कमल शुक्ला ने किया।
बैठक को सफल बनाने में विजय शंकर पांडेय, अभय सिंह, विजेंद्र सिंह, ब्रजकिशोर सिंह, राजेश कुमार, विजय त्रिपाठी, शिव शंकर चक्रवर्ती, कन्हैया कुमार, रामाशंकर यादव, गणेश राव, संजीव वर्मा, प्रमोद कुमार, शत्रुघ्न प्रसाद शाह, चंदन सिंह, ज्योतिर्मय शाह, सुरेंद्र मौर्य, शेख अनवर, जावेद हुसैन, मकबूल आलम, जावेद खान, सतनाम सिंह, अशोक श्रीवास्तव, महेश कुमार, डी.के. लंका सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















