जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सुंदरहातु गांव में मंगलवार को सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पुलिस की ओर से ग्रामीणों को साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा, आपातकालीन हेल्पलाइन, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, यातायात नियम, बाल अधिकार, महिला एवं बालिका सुरक्षा और मानव तस्करी जैसे विषयों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। लोगों को बताया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा करने और ओटीपी बताने से बचना चाहिए। साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना देरी किए इसकी सूचना राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देने की जानकारी दी गई।
आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराध से सावधान रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी के प्रयास की जानकारी पुलिस को देने को कहा गया।

इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों को सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों के अधिकार एवं संरक्षण, महिला और बालिका सुरक्षा तथा मानव तस्करी से जुड़े खतरों के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई। पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देना जरूरी है।
सामुदायिक पुलिसिंग के इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ लोगों को अपराध से बचाव और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।




















