चक्रधरपुर। चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-7 स्थित शीतला मंदिर ग्वालापट्टी में युवती की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में मृतका के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध और शादी से इनकार को हत्या की वजह बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) निवासी आदर्श कुमार बिन्द के आवेदन के आधार पर चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 103/2026, दिनांक 18 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) निवासी अनिल कुमार बिन्द (27 वर्ष) पर अपनी बहन अनिता बिन्द (29 वर्ष) की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगाया गया था।

पुलिस ने आरोपी को मकान से पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के निर्देशन में चक्रधरपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने शीतला मंदिर ग्वालापट्टी स्थित एक मकान में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि मृतका के साथ पिछले दो से तीन वर्षों से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। हालांकि, युवती ने शादी से इनकार करते हुए किसी अन्य व्यक्ति से विवाह करने की बात कही थी।

पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से युवती पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या में प्रयुक्त चाकू समेत सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू सहित कई सामान बरामद किए हैं। बरामद सामानों में हत्या में प्रयुक्त चाकू, पांच मोबाइल फोन, एक काला टी-शर्ट तथा खून लगे कपड़े/अन्य साक्ष्य सामग्री शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के दौरान उसे पकड़ लिया गया।

छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अवधेश कुमार, बिनोद पासवान, रमेश गिरी, रामकिशोर तिवारी, बिरबल चौबे सहित चक्रधरपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में बरामद सामान और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।