मनोहरपुर। क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए शनिवार का दिन खास रहा। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया। ट्रेन के पहली बार स्टेशन पर रुकने को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का स्वागत किया।

ट्रेन के मनोहरपुर पहुंचने पर सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के प्रतिनिधि जेबी तुबिद तथा चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद सांसद, विधायक और अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।

स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद जोबा माझी ने कहा कि एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर में ठहराव क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग के पूरा होने का परिणाम है। उन्होंने इसे मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।

सांसद ने मनोहरपुर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन लगने वाले जाम से लोगों को काफी परेशानी होती है। इससे निजात दिलाने के लिए रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जरूरी है और इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक जगत माझी ने कहा कि कोविड से पहले क्षेत्र में उपलब्ध रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं को बेहतर स्थिति में वापस लाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने रेल अधिकारियों से सारंडा सवारी गाड़ी का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि बीच-बीच में ट्रेन का परिचालन बंद होने से गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों को परेशानी होती है।

भाजपा नेता जेबी तुबिद ने कहा कि रेलवे के विकास की दिशा में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में मनोहरपुर को अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सुविधा भी मिल सकती है।

एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव की शुरुआत को लेकर स्टेशन पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और यात्री मौजूद रहे। ट्रेन के पहुंचते ही लोगों ने उत्साह के साथ उसका स्वागत किया और इस सुविधा के लिए जनप्रतिनिधियों एवं रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, बड़कुंवर गागराई, जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, डीएसपी डेविड ए. दोदराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का सहित कई जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।