जमशेदपुर। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही दूसरी झारखंड स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन शनिवार को अंडर-11 और अंडर-13 वर्ग के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। ईस्ट सिंहभूम डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन (ESDTTA) के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में राज्यभर से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
अंडर-11 बालिका वर्ग के फाइनल में ईस्ट सिंहभूम की आरोही सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बोकारो की ईशानवी शिवा को 3-0 से हराया। आरोही ने 11-6, 17-15 और 11-7 से मुकाबला अपने नाम कर खिताब पर कब्जा जमाया।
अंडर-11 बालक वर्ग में बोकारो के शिवांश राज ने ईस्ट सिंहभूम के पौमित चटर्जी को सीधे सेटों में 3-0 से पराजित किया। शिवांश ने 11-5, 11-2 और 11-7 के स्कोर के साथ शानदार जीत दर्ज की।

अंडर-13 बालिका वर्ग में हजारीबाग की आराध्या श्रीवास्तव विजेता बनीं। उन्होंने अपनी ही जिले की कामिका चेतन को 3-0 से हराया। मुकाबले में आराध्या ने 11-8, 11-6 और 11-7 से जीत हासिल की।
वहीं अंडर-13 बालक वर्ग का फाइनल सबसे रोमांचक रहा। रांची के अरित्रो डे और ईस्ट सिंहभूम के वर्धन वशिष्ठ के बीच पांच सेट तक चले मुकाबले में अरित्रो ने 3-2 से जीत दर्ज की। उन्होंने निर्णायक सेट में 11-7 से बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम किया।
अंडर-19 के फाइनल में पहुंचे खिलाड़ी
अंडर-19 बालक वर्ग के सेमीफाइनल में हजारीबाग के अर्णव अग्रवाल ने गढ़वा के नीतीश कुमार मेहता को 3-0 से, जबकि रांची के अर्थ घोष ने ईस्ट सिंहभूम के अतुल रंजन को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
बालिका वर्ग में ईस्ट सिंहभूम की अंशिका महाजन ने स्वर्णली माजी को 3-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में रांची की सान्वी सिन्हा ने ईस्ट सिंहभूम की अनन्या साहा को 3-1 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के अगले मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।




















