जदयू जिला प्रवक्ता ने कहा- व्यस्त सड़कों पर दिन में भारी वाहनों का परिचालन आम लोगों के लिए बना खतरा
जमशेदपुर। एग्रिको ट्रैफिक सिग्नल के पास बड़े मालवाहक ट्रेलर की चपेट में आने से दोपहिया सवार पिता-पुत्र की मौत के बाद शहर में भारी वाहनों के परिचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जनता दल यूनाइटेड पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रवक्ता आकाश शाह ने घटना पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन से दिन के समय शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और निकास पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है।
आकाश शाह ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा बेहद दर्दनाक है और इसने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।
रात में ही हो भारी वाहनों का परिचालन
उन्होंने कहा कि व्यस्त शहरी सड़कों पर दिन के समय बड़े ट्रेलर और मालवाहक वाहनों का परिचालन आम लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। उनके मुताबिक, प्रशासन को कंपनियों और उद्योगों तक माल पहुंचाने तथा वहां से माल बाहर ले जाने वाले बड़े वाहनों के लिए रात्रिकालीन परिचालन की व्यवस्था करनी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि दिन के समय भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश और निकास पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और निर्धारित समय के बाहर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
हादसे के बाद नहीं, पहले हो रोकथाम
आकाश शाह ने कहा कि उन्होंने पहले भी सरकार और प्रशासन के समक्ष दिन के समय भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा कि अब जरूरत ऐसी नीति बनाने की है, जिससे हादसे होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय हादसों को पहले ही रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि उद्योगों और कंपनियों की जरूरत महत्वपूर्ण है, लेकिन आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उनके अनुसार, दिन में भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रभावी रोक शहर में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।




















