जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन झपटकर फरार होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से छिनी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना 31 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है। कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी 58 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव सोनारी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान सोनारी के एच रोड के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा किया और मौका पाकर गले में पहनी सोने की चेन झपट ली।

चेन छीनने के बाद दोनों आरोपी कदमा की ओर भागने लगे। इसी दौरान हड़बड़ी में उनकी बाइक सामने से आ रहे एक छोटे हाथी वाहन से टकरा गई। बाइक सवार दोनों आरोपी गिर पड़े। इसके बाद वे बाइक वहीं छोड़कर पैदल ही ईस्ट-वेस्ट लिंक रोड होते हुए कदमा की ओर फरार हो गए।

पुलिस जांच में सामने आए तीन नाम

घटना की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में कुल तीन अपराधी शामिल थे। पुलिस के मुताबिक पंकज हरपाल और रोहित कर्मकार बाइक पर सवार थे और इन्हीं दोनों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटी थी। वहीं तीसरा आरोपी रोहित मुर्मू घटना स्थल से कुछ पहले बाइक से उतर गया था और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक का सत्यापन करने के बाद पंकज हरपाल और रोहित मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को 6 अगस्त 2026 को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

वहीं तीसरा आरोपी रोहित कर्मकार फरार चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद बिरसानगर थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर मामले में छीनी गई सोने की चेन को बिरसानगर जोन नंबर-06 स्थित उसके घर से बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल, उम्र करीब 24 वर्ष, सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र की रामनईया बस्ती का रहने वाला है और वर्तमान में बिरसानगर जोन नंबर-06 में रह रहा था।

पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ आदित्यपुर, बिरसानगर और टेल्को समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं।

पुलिस ने इस मामले में: एक सोने की चेन (लॉकेट सहित), वारदात में इस्तेमाल की गई प्लसर बाइक, जिसका नंबर JH05CN3650 है, बरामद की है।

पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले में फरार आरोपी रोहित कर्मकार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की जांच कर रही है कि तीनों आरोपियों ने शहर में इस तरह की अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया है या नहीं।

यह कार्रवाई सोनारी थाना प्रभारी पुनीत साह के नेतृत्व में की गई पुलिस टीम ने की।