ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए उपायुक्त से मिलने की कही बात, लापरवाही से वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई की मांग
जमशेदपुर। एग्रिको चौक के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार से मेयर सुधा गुप्ता ने मुलाकात की और घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए अपनी ओर से 20 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की।
मेयर ने कहा कि परिवार के लिए यह बेहद कठिन समय है और इस दुख की घड़ी में वह उनके साथ खड़ी हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन से करेंगी बात
सुधा गुप्ता ने एग्रिको चौक समेत शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर किए जाने की जरूरत है। इस मुद्दे को लेकर वह जल्द ही जिले के उपायुक्त से मुलाकात कर ठोस कदम उठाने की मांग करेंगी।

उन्होंने कहा कि शहर में यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
लापरवाही से वाहन चलाने की जांच की मांग
मेयर ने हादसे में लापरवाही से वाहन चलाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन और आम लोगों दोनों को गंभीरता से प्रयास करने होंगे, तभी शहर में बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।




















