- सामुदायिक पुलिसिंग के तहत सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची पुलिस, छात्रों को बांटी पठन-पाठन सामग्री
जमशेदपुर, 2 सितंबर। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को पूर्वी सिंहभूम पुलिस की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के साथ ग्रामीण थाना क्षेत्रों के सुदूरवर्ती इलाकों का दौरा किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें पठन-पाठन की सामग्री वितरित की। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ग्रामीणों के साथ भी संवाद स्थापित किया गया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को डायन प्रथा, नक्सलवाद और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि अंधविश्वास और डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियां समाज के विकास में बाधक हैं। लोगों से ऐसी अफवाहों पर विश्वास नहीं करने और किसी भी तरह की संदिग्ध या हिंसक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।


ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते नशे के खतरे को लेकर भी पुलिस ने लोगों को सतर्क किया। युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संदेश दिया गया। वहीं, नक्सलवाद के खिलाफ जागरूकता फैलाते हुए पुलिस ने ग्रामीणों से विकास और शांति की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
इस पहल के माध्यम से पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज के साथ मिलकर उसके विकास और सुरक्षा में भागीदार भी है। दूरदराज के क्षेत्रों में इस तरह के कार्यक्रमों से पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद एवं विश्वास को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।




















