सरिया। सरिया अनुमंडल क्षेत्र के पोटमा गांव स्थित मैदान में शनिवार को खेल प्रेमियों के उत्साह के बीच PPL क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कमेटी सदस्य एवं बगोदर विधानसभा क्षेत्र के नेता शत्रुघ्न प्रसाद मंडल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके मैदान पहुंचने पर आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्य अतिथि शत्रुघ्न प्रसाद मंडल ने फीता काटकर क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी, युवा और स्थानीय खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
बल्ला थामकर किया खेल का श्रीगणेश
उद्घाटन समारोह के दौरान शत्रुघ्न प्रसाद मंडल खुद क्रिकेट मैदान में उतरे और बल्ला थामकर खेल का श्रीगणेश किया। मुख्य अतिथि को बल्लेबाजी करते देख खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मैदान तालियों से गूंज उठा।

इस मौके पर शत्रुघ्न प्रसाद मंडल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभावान खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराया जाए। गांव स्तर पर होने वाली खेल प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करता है। उन्होंने PPL क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
माला और बुके देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति के सदस्यों ने शत्रुघ्न प्रसाद मंडल को माला पहनाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, बड़की सरिया नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि फागू पंडित भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मौके पर प्रमोद कुमार, धर्मवीर प्रसाद, संजय प्रसाद, सुरेंद्र रविदास, विनोद तुरी, गणेश कसेरा, मुकेश रवानी, गंभीर रजक और संतोष तर्वेय समेत आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर पोटमा गांव और आसपास के क्षेत्रों के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया।
🚨 क्राइम
🌿 झारखंड
🏛️ बिहार
🎬 मनोरंजन
🌍 विश्व

ISRO में खलबली गगनयान और चंद्रयान-3 से जुड़े 100 से ज्यादा वैज्ञानिकों ने छोड़ी नौकरी सरकार ने बदले नियम



















